पिछले महीने (18 मई) ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ एक्टर गुरुचरण सिंह अपने घर लौट आए थे। वे 22 अप्रैल से लापता थे। एक्टर के पिता हरगीत सिंह की मानें तो गुरुचरण के लौटने से वे खुश हैं; लेकिन चिंतित भी। साथ ही उन्होंने बताया कि गुरु अपने पास मोबाइल नहीं रखते हैं। बेटे को सही-सलामत देखकर, मेरी तबीयत में भी काफी सुधार आया है दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में हरगीत सिंह कहते हैं, ‘गुरु के घर वापस लौटने से मैं और उनकी मां बहुत खुश हैं। बेटे को सही-सलामत देखकर, मेरी तबीयत में भी काफी सुधार आया है। लेकिन, बेटे की तबीयत को लेकर थोड़ी चिंता रहती है। जिस दिन गुरु घर लौटे थे, वे काफी कमजोर थे। अभी उनका इलाज चल रहा है। उनके ठीक होने की स्पीड थोड़ी धीमी है। ये देखकर परेशानी होती है। उनके रेगुलर चेकअप हो रहे है। वैसे, गुरु हमें हर दिन आश्वासन देते हैं कि वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे। हम भी उसी दिन का इंतजार कर रहे हैं।’ अपने आध्यात्मिक सफर के बारे में कोई बात नहीं की दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गुरुचरण सिंह ने पूछताछ में बताया कि वे आध्यात्मिक सफर पर निकल गए थे। हरगीत सिंह की मानें तो गुरु ने उनसे इस बारे में कोई बात नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘दरअसल, वे मुझसे ज्यादा अपनी मां से बातें करते है। मुझसे तो उन्होंने अपने आध्यात्मिक सफर के बारे में कोई बात नहीं की है। सच कहूं तो मैंने भी उनसे ज्यादा पूछताछ नहीं की। अपनी आंखों के सामने बेटे को देखकर, मैं बहुत संतुष्ट महसूस कर रहा हूं। इस वक्त इससे बड़ी बात और कुछ नहीं हो सकती है।’ हो सकता है कि गुरु अब हमारे पास ही रहे बता दें, अपने काम के सिलसिले में गुरुचरण अपना ज्यादा समय मुंबई में बिताते हैं। वहीं, उनके पेरेंट्स दिल्ली में रहते हैं। तो क्या गुरुचरण फिर से मुंबई लौटेंगे? इस बारे में हरगीत सिंह कहते हैं, ‘यह सवाल तो गुरु की मां ने भी उनसे पूछा था। लेकिन गुरु के पास भी इसका जवाब नहीं है। उन्हें आगे क्या करना है, इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया है। हम दोनों भी बूढ़े हैं, ऐसे में हो सकता है कि शायद अब वो हमारे पास ही रहे। हम केवल अपने बेटे को खुश और तंदुरुस्त देखना चाहते है।’ गुरुचरण सिंह अपने पास मोबाइल नहीं रखते बातचीत के दौरान, हरगीत सिंह ने बताया कि गुरुचरण सिंह अपने पास मोबाइल नहीं रखते हैं। कुछ दिनों के लिए उन्होंने अपना नंबर भी स्विच ऑफ कर रखा है। गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल को दिल्ली स्थित अपने घर से मुंबई के लिए निकले थे; लेकिन एयरपोर्ट नहीं पहुंचे, न ही अपने घर लौटे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे गुरुचरण शुरुआती इन्वेस्टिगेशन में पता चला था कि गुरुचरण जल्द ही शादी करने वाले थे। इतना ही नहीं, वे आर्थिक तंगी से भी जूझ रहे थे। पुलिस ने बताया कि गुरुचरण ने 22 अप्रैल को ATM से 7 हजार रुपए निकाले थे, जिसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया था। उनकी लास्ट लोकेशन दिल्ली के पालम स्थित उनके घर से कुछ ही किलोमीटर दूर पाई गई थी। प्रोड्यूसर से विवाद के बाद छोड़ दिया था शो गुरुचरण सिंह ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की शुरुआत से लेकर 2013 तक इसका हिस्सा बने रहे। बाद में प्रोड्यूसर असित मोदी से कुछ विवाद के चलते उन्होंने शो छोड़ दिया था। हालांकि, पब्लिक डिमांड पर प्रोड्यूसर्स को उन्हें शो में वापस लाना पड़ा। कमबैक करने के बाद उन्होंने 6 साल तक यह शो किया।इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के वक्त पिता का ध्यान रखने के लिए गुरुचरण ने शो छोड़ दिया था। वहीं, गुरुचरण सिंह ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने तीन हफ्तों में उन्होंने अमृतसर, लुधियाना समेत कई शहरों के गुरुद्वारों के दर्शन किए। बाद में उन्हें अहसास हुआ कि उन्हें घर लौट आना चाहिए, इसलिए वे लौट आए।