फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है। ये क्रिकेट पर बेस्ड फिल्म है। कल यानी मंगलवार की शाम फिल्म के सॉन्ग लॉन्च इवेंट में जान्हवी कपूर और राजकुमार राव पहुंचे। मीडिया के साथ सवाल जवाब में उनसे MS धोनी से जुड़ा सवाल किया गया। जब उनसे पूछा गया कि वो महेंद्र सिंह धोनी के कितने बड़े फैन हैं और क्या उन्हें ये फिल्म दिखाएंगे? इस पर राजकुमार राव ने कहा- हम क्या…पूरी दुनिया उनकी फैन है। हम उन्हें बहुत प्यार करते हैं। वहीं जान्हवी ने कहा- हम सभी उनके फैन हैं। उन्होंने हमारे देश के लिए बहुत कुछ किया है। मैं ये कहना चाहूंगी कि सिर्फ क्रिकेटर होने के नाते हम उनसे प्यार नहीं करते हैं। उनका मिजाज, उनके उसूल और वो जिस तरह के इंसान हैं, उनका यह पूरा व्यक्तित्व मुझे बहुत पसंद है। जान्हवी ने कहा मुझे याद है एक बार धोनी ने अपने इंटरव्यू में कहा था- नतीजे के बारे में नहीं है, प्रोसेस के बारे में है। प्रोसेस को ईमानदारी ने निभाओगे, मेहनत करोगे तो नतीजा अपने आप दिख जाएगा। आपके मेहनत करने के बाद नतीजा ना भी दिखे तो फर्क नहीं पड़ता है। जान्हवी का कहना है कि फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ महेंद्र सिंह धोनी की इस लाइन पर बनी है। जान्हवी उम्मीद करती हैं कि वो फिल्म में इस बात को ठीक तरीके से दिखा पाएं। एक्ट्रेस ने कहा कि हम उन्हें और उनकी वाइफ साक्षी धोनी को ये फिल्म दिखाना चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है वो काफी बिजी होंगे। बता दें, इस फिल्म में राजकुमार राव और जान्हवी कपूर के बीच शानदार लव केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। दोनों की साथ में यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्हें 2021 की फिल्म रूही में देखा गया। फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ 31 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। महेंद्र सिंह धोनी का औरा सबसे अलग है जब उनसे पूछा गया कि धोनी के अंदर सबसे अच्छी क्वालिटी क्या लगती है? इस पर राजकुमार ने कहा- वो इतने बड़े लीजेंड पर्सन हैं। लेकिन जिस तरह से वो टीम को लीड करते हैं, वो तारीफ के काबिल है। धोनी बहुत डाउन टू अर्थ और हंबल इंसान हैं। हमें उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनके अदंर किसी भी हालात से डील करने की अच्छी समझ है। जान्हवी ने कहा- हाल ही में मैं उनसे एक फंक्शन में मिली थी। वहां कई लोग उनके साथ सेल्फी लेने आ रहे थे। लेकिन वो केवल सेल्फी देकर हट नहीं रहे थे बल्कि उन लोगों के साथ खड़े होकर बड़े ही तमीज से बात भी कर रहे थे। उनका औरा ही सबसे अलग है। ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के ट्रेलर में किया दिखाया गया है ट्रेलर में दिखाया गया है कि महेंद्र बने राजकुमार और महिमा बनीं जान्हवी को लोग प्यार से माही बुलाते हैं। चंद दिनों की मुलाकात के बाद दोनों को प्यार हो जाता है और वे शादी कर लेते हैं। शादी के बाद कुछ दिन अच्छे बीतते हैं, फिर महेंद्र को पता चलता है कि महिमा का सपना क्रिकेटर बनने का था। लेकिन परिवार की जिद की वजह से वो अपने ख्वाब की कुर्बानी देकर डॉक्टर बन जाती है। ये जान महेंद्र उसे फिर से क्रिकेटर बनने के लिए मोटिवेट करता है। दरअसल, कभी वो खुद क्रिकेटर बनना चाहता था लेकिन परिवार के प्रेशर में आकर उसे भी अपने सपने को भूलना पड़ा था। आगे की कहानी में यही दिखाया गया है कि कैसे महेंद्र पत्नी को क्रिकेटर बनाने की जद्दोजहद में लग जाता है। इस दौरान उसे परिवार से तो लड़ना पड़ता ही है, कुछ समय के लिए महिमा और उसके बीच भी गलतफहमी आ जाती है। ट्रेलर से मालूम पड़ता है कि यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें रोमांस भी देखने को मिलेगा। इस फिल्म का डायरेक्शन शरण शर्मा ने किया है। जिन्होंने फिल्म ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ का भी डायरेक्शन किया था। इस फिल्म में भी जान्हवी कपूर लीड रोल में थीं। फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ में राजकुमार राव और जान्हवी के अलावा राजेश शर्मा, कुमुद मिश्रा, अभिषेक बनर्जी, जरीना वहाब और अर्जित तनेजा जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।