इस शुक्रवार को रिलीज हुई राजकुमार राव और जान्हवी कपूर स्टारर ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ ने फर्स्ट वीकेंड पर अच्छा कलेक्शन किया है। रविवार को इस फिल्म ने 5 करोड़ 62 लाख रुपए का कलेक्शन किया। इससे पहले शुक्रवार को इसने 6.85 करोड़ और शनिवार को 4.65 करोड़ रुपए कमाए थे। अब तीन दिनों में इस फिल्म का कलेक्शन 17 करोड़ 12 लाख रुपए हाे चुका है। इस फिल्म को जी स्टूडियो और करण जौहर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। वहीं फिल्म का निर्देशन शरण शर्मा ने किया है जो इससे पहले जान्हवी के साथ ‘गुंजन सक्सेना’ पर भी काम कर चुके हैं। ‘सावी’ ने 3 दिन में कमाए 7.56 करोड़
इसके अलावा इस शुक्रवार को रिलीज हुई दिव्या खोसला कुमार की फिल्म ‘सावी’ ने रविवार को 2.76 करोड़ रुपए कमाए। इस फिल्म ने पहले दिन 2 करोड़ 5 लाख रुपए और दूसरे दिन 2 करोड़ 75 लाख रुपए का बिजनेस किया था। इस तरह इसका टोटल कलेक्शन 3 दिनों में 7.56 करोड़ हो चुका है। इस फिल्म में दिव्या के अलावा अनिल कपूर और हर्षवर्धन राणे भी अहम रोल में नजर आ रहे हैं। इसे ‘देल्ही बेली’ फेम डायरेक्टर अभिनय देव ने डायरेक्ट किया है। 45 करोड़ पार हुई ‘श्रीकांत’ की कमाई
जहां राजकुमार राव की नई रिलीज ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ अच्छा कलेक्शन कर रही है। वहीं बीते 10 मई को रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘श्रीकांत’ चौथे हफ्ते में भी अच्छी कमाई कर रही है। फिल्म ने रविवार को 1 करोड़ 37 लाख रुपए कमाए। इसके साथ ही अपने चौथे वीकेंड पर ‘श्रीकांत’ ने (शुक्रवार- 1.53 करोड़, शनिवार- 1.18 करोड़, रविवार- 1.37 करोड़) 4 करोड़ 8 लाख रुपए का कलेक्शन किया। अब इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 45 करोड़ 34 लाख रुपए हो चुका है। राजकुमार राव, ज्योतिका और अलाया एफ स्टारर श्रीकांत का निर्देशन डायरेक्टर तुषार हीरानंदानी ने किया है। यह इंडस्ट्रियलिस्ट श्रीकांत बोला की बायोपिक है।