यामी गौतम और आदित्य धर पेरेंट्स बन गए हैं। कपल ने सोशल मीडिया पर एक साथ पेरेंट्स बनने की खबर शेयर की है। बेटे होने की अनाउंसमेंट के साथ ही उन्होंने बेटे का नाम भी बताया है। यामी और आदित्य ने बेटे का नाम ‘वेदाविद’ (vedavid) रखा, जिसका मतलब होता है वेदों को जानने वाला। यह भगवान विष्णु के सभी नामों में से एक है। यह एक संस्कृत नाम है, जो वेदा और विद से मिलकर बना है। उन्होंने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा- हम सूर्या अस्पताल के बेस्ट डॉक्टर्स, खासकर डॉ. भूपेन्द्र अवस्थी और डॉ. रंजना धनु के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहते हैं, जिनकी स्पेशलाइजेशन और कोशिशों ने इस खुशी के अवसर को संभव बनाया। हम माता-पिता बनने की इस खूबसूरत जर्नी पर निकल रहे हैं, हम उत्सुकता से अपने बेटे ‘वेदाविद’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। हम इस समय आशा और विश्वास से भरे हुए हैं कि वह हमारे पूरे परिवार और राष्ट्र का भी गौरव बनेगा। पोस्ट में आदित्य ने बताया कि उनके बेटे का जन्म अक्षय तृतीया के दिन हुआ है। इसके हिसाब से उनके बेटे का जन्म 10 मई को हुआ। कपल के पोस्ट पर उनके फैंस और सेलेब्स उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। आयुष्मान खुराना, मृणाल ठाकुर, रणवीर सिंह और नेहा धूपिया समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स ने उन्हें बधाई दी है। शादी के 3 साल बाद बने माता-पिता
आपको बता दें कि यामी गौतम और आदित्य धर ने 4 जून साल 2021 में कोरोना काल में गुपचुप शादी की थी। वहीं शादी के लगभग 3 साल बाद कपल पेरेंट्स बने हैं। इसके अलावा फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के प्रीमियर के दौरान यामी ने बेबी बंप फ्लॉन्ट किया था। प्रेग्नेंट होने के बावजूद उन्होंने अपनी फिल्म का जमकर प्रमोशन किया। काम की बात करें तो हाल ही में यामी को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में देखा था। इस फिल्म में एक्ट्रेस की बेहतरीन एक्टिंग ने लोगों का दिल जीत लिया था। वहीं अब बच्चे के जन्म के बाद माना जा रहा है कि एक्ट्रेस यामी गौतम काम से थोड़ा ब्रेक लेकर अपने बेटे पर ध्यान देंगी।