राजकुमार राव की फिल्म ‘श्रीकांत’ सेकेंड वीकेंड में वर्किंग डेज होने के बावजूद भी अच्छी कमाई कर रही है। दूसरे मंगलवार को इस फिल्म ने 1 करोड़ 26 लाख रुपए का बिजनेस किया। इसके साथ ही फिल्म का कलेक्शन 12 दिनों में 29 करोड़ 35 लाख रुपए हो चुका है। मंगलवार को फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 10.16% रही। फिल्म के नाइट शोज में दर्शक बड़ी तादाद में पहुंच रहे हैं। चेन्नई में तो फिल्म को सबसे ज्यादा 52% ऑक्यूपेंसी मिली। सेकेंड वीकेंड पर कमाए थे 8.25 करोड़
इससे पहले सोमवार को इस फिल्म ने 1 करोड़ 52 लाख रुपए कमाए थे। सेकेंड वीकेंड पर इसने 8 करोड़ 25 लाख रुपए का बिजनेस किया था। वहीं पहले हफ्ते में फिल्म ने 17 करोड़ 85 लाख रुपए का कलेक्शन किया था। राजकुमार राव, ज्योतिका और अलाया एफ स्टारर श्रीकांत का निर्देशन डायरेक्टर तुषार हीरानंदानी ने किया है। यह इंडस्ट्रियलिस्ट श्रीकांत बोला की बायोपिक है। फिल्म रिलीज के बाद से ही माउथ पब्लिसिटी की मदद से अच्छा बिजनेस करती आ रही है। ‘किंगडम ऑफ..एप्स’ ने देश में कमाए 24.24 करोड़
दूसरी तरफ ‘श्रीकांत’ के साथ रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘किंगडम ऑफ द प्लेनेट ऑफ द एप्स’ की कमाई में गिरावट आई है। मंगलवार को फिल्म ने मात्र 52 लाख रुपए कमाए। इसके साथ ही फिल्म ने देश भर में 24 करोड़ 24 लाख रुपए की कमाई कर ली है। इससे पहले इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 18 करोड़ 85 लाख रुपए कमाए थे। वहीं बीते 5 दिनों में इसने 5 करोड़ 39 लाख रुपए कमाए हैं। ग्लोबली 1 हजार 972 करोड़ रुपए कमाए
हालांकि, ग्लोबली इस फिल्म ने ताबड़ताेड़ कमाई की। फिल्म ने अब तक 237 मिलियन डॉलर यानी लगभग 1 हजार 972 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है।