शत्रुघ्न सिन्हा बीते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने 23 जून को एक्टर जहीर इकबाल से शादी की है। ये उनके लिए खुशी का दिन था, हालांकि शादी के 2 दिन बाद ही उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। रिपोर्ट्स हैं कि शादी के बाद शत्रुघ्न सिन्हा अपने घर के डाइनिंग रूम में गिर गए थे। चोट आने के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हाल ही में आई टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, शत्रुघ्न सिन्हा को 25 जून को अपने घर में चोट लगी थी। उनकी पसलियों में आई गंभीर चोट के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शत्रुघ्न सिन्हा अपने घर के लिविंग रूम में रखे सोफा से उठने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि उनका पैर कार्पेट के कॉर्नर से टकराया, जिससे उनका बैलेंस बिगड़ गया। जिस समय ये हादसा हुआ, सोनाक्षी सिन्हा उनके साथ वहां मौजूद थी। पिता को लड़खड़ाते देख सोनाक्षी ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया था। रिपोर्ट्स हैं कि अगर सोनाक्षी वहां मौजूद नहीं होतीं और उन्हें नहीं पकड़तीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। शुरुआत में उन्हें मामूली मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया था, जिसके बाद आराम करने लगे। वो ठीक महसूस कर रहे थे, हालांकि अगली सुबह उनका दर्द बढ़ गया था। उन्होंने अपने परिवार को बताया कि उनकी पसलियों में दर्द है। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चेकअप के लिए ले जाया गया था। डॉक्टर्स की सलाह पर हुए भर्ती अस्पताल में रेगुलर चेक-अप के बाद डॉक्टर्स ने शत्रुघ्न सिन्हा को हॉस्पिटल में एडमिट रहने की एडवाइज दी थी। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें 1 जुलाई को डिस्चार्ज किया जाएगा। अस्पताल पहुंचे थे सोनाक्षी-जहीर हाल ही में न्यूलीवेड सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल, शत्रुघ्न सिन्हा को देखने कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल पहुंचे थे। बताते चलें कि सोनाक्षी सिन्हा ने 23 जून को लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल से सिविल मैरिज की है। शादी की खबरें सामने आने के बाद खबरें ये भी रहीं कि शत्रुघ्न सिन्हा इस शादी से खुश नहीं हैं। हालांकि समय के साथ उन्होंने अपनी नाराजगी खत्म कर ली और शादी में खुशी-खुशी शामिल भी हुए। सोनाक्षी के बांद्रा स्थित घर में हुई इस शादी में वो सोनाक्षी के साथ खड़े नजर आए थे। वहीं सोनाक्षी ने उनका हाथ थामा हुआ था। सोनाक्षी की शादी पर हुए विवाद पर दिया था रिएक्शन सोनाक्षी सिन्हा की शादी के बाद बिहार की हिंदू शिवभवानी सेना ने इसका विरोध करते हुए धमकी दी है कि वो सोनाक्षी को बिहार में नहीं घुसने देंगे। लगातार हो रहे विरोध के बीच शत्रुघ्न सिन्हा ने टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, ‘आनंद बख्शी साहब ने ऐसे प्रोफेशनल प्रोटेस्ट करने वालों के लिए बहुत अच्छी बात लिखी थी- कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना। मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि कहने वाले अगर बेकार बिना कामकाज के हों तो कहना ही उनका काम बन जाता है। मेरी बेटी ने कोई भी गैरकानूनी या असंवैधानिक काम नहीं किया है। शादी दो लोगों के बीच का एक बेहद पर्सनल डिसीजन होता है। इस पर किसी को कमेंट करने या इंटरफेयर करने की इजाजत नहीं होती है। जो भी लोग शादी का विरोध कर रहे हैं, मैं उन्हें कहूंगा कि जाइए लाइफ में कुछ अच्छा काम कीजिए।