भारत को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की साजिश रचने वाले आरोपों पर रूस का साथ मिला है। रूस के विदेश मंत्रालय ने भारत पर लगाए गए अमेरिका के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। रूस ने कहा है कि अमेरिका भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है और आम चुनावों में रुकावट डालने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका बेबुनियाद आरोप लगाकर भारत का अपमान कर रहा है। वॉशिंगटन ने पेश नहीं किया है कोई सबूत
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा से प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पन्नू को मारने की साजिश रचने वाले आरोपों पर सवाल किया गया था। इस पर जवाब देते हुए जखारोवा ने कहा, “हमारी जानकारी के मुताबिक वॉशिंगटन ने अभी तक ऐसा कोई सबूत पेश नहीं किया है, जिससे सिद्ध हो सके कि भारत पन्नू की हत्या में शामिल था। धार्मिक आजादी के उल्लंघन की बात अमेरिका की भारत को लेकर कमजोर समझ को दर्शाती है। अमेरिका ऐसा कर भारत का एक संप्रभु देश के तौर पर अपमान कर रहा है। ” रूसी विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि अमेरिका भारत ही नहीं कई और देशों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन के बेबुनियाद आरोप लगाता रहा है। वॉशिंगटन की कार्रवाई स्पष्ट रूप से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप दिखाती है। अमेरिका ने भारत पर लगाया था आरोप अमेरिकी सरकार ने आरोप लगाया था कि न्यूयॉर्क में पन्नू पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई थी। इसमें भारत का हाथ था। हालांकि अमेरिका ने इस साजिश को नाकाम कर दिया गया था। इसके बाद 29 नवंबर को हत्या की साजिश रचने के मामले में न्यूयॉर्क पुलिस की चार्जशीट सामने आई थी। इसमें भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप था। इसमें लिखा है- भारत के एक पूर्व CRPF अफसर ने उसे पन्नू की हत्या की प्लानिंग करने को कहा था। अमेरिका के कहने पर पन्नू की हत्या की कथित साजिश रचने वाले निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। अमेरिका पिछले कुछ समय से निखिल के प्रत्यर्पण में लगा हुआ था। लेकिन चेक रिपब्लिक की सुप्रीम कोर्ट ने निखिल गुप्ता के प्रत्यर्पण के फैसले पर रोक लगा दी है। पन्नू की हत्या में शामिल थी RAW – रिपोर्ट हाल ही में अमेरिका मीडिया हाउस वॉशिंगटन पोस्ट ने दावा किया था कि खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में भारतीय जांच एजेंसी RAW (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) का हाथ था। रिपोर्ट के मुताबिक पन्नू की हत्या की पूरी प्लानिंग RAW के एक सीनियर अधिकारी विक्रम यादव ने की थी। पन्नू को मारने के लिए विक्रम ने एक हिट टीम को काम पर रखा था। यादव ने पन्नू के बारे में भारतीय एजेंट निखिल गुप्ता को जानकारी भेजी, जिसमें उसके न्यूयॉर्क में होने के बारे में पता चला था। इसके बाद निखिल गुप्ता ने पन्नू को मारने के लिए एक एजेंट से संपर्क किया। हालांकि प्लानिंग सफल होने से पहले ही निखिल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। वॉशिंगटन पोस्ट की इस रिपोर्ट पर भारत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “रिपोर्ट में एक गंभीर मामले को लेकर भारत पर गलत और बेतुके आरोप लगाए गए हैं।” पन्नू मामले में कब, क्या हुआ चार्जशीट के मुताबिक पूरी टाइमलाइन