हाल ही में रणवीर शौरी ने एक एक्ट्रेस के साथ अपने ब्रेकअप पर बात की है। रणवीर ने कहा कि एक एक्ट्रेस के साथ रिश्ता उनकी लाइफ का सबसे बड़ा स्कैंडल बन गया था। रणवीर के इस बयान के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पूजा भट्ट के साथ अपने रिश्ते बात की है। एक वक्त पर एक्टर की पूजा के साथ लिंकअप की खबरें बहुत ज्यादा चर्चा में थीं। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में भी थे, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में बहुत दूरी आ गई थी। बता दें, पूजा भी समय-समय पर रणवीर पर इस तरह के इल्जाम लगाती आई हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि रणवीर शराब पीने के बाद उन पर बहुत गुस्सा करते थे और फिजिकली भी अटैक करते थे। वहीं, रणवीर ने पूजा के इन आरोपों को झूठा करार किया था। उनका कहना था कि एक आम कपल के बीच झगड़े होते रहते हैं। लेकिन वो कभी भी अल्कोहलिक और अब्यूसिव लवर नहीं रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि पूजा और उनकी फैमिली उनका शोषण करती थी। बिग बॉस OTT 3 के हालिया एपिसोड में रणवीर ने कहा कि वो 2002 में लद्दाख में फिल्म लक्ष्य की शूटिंग कर रहे थे। एक दिन उनके घर से कॉल आया कि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं है। लेकिन वो शूटिंग खत्म होने से पहले छुट्टी लेकर मां के पास नहीं जा सकते थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त वो एक एक्ट्रेस के साथ सबसे बड़े स्कैंडल में फंसे हुए थे। इस बारे में उन्होंने कहा- उस वक्त मुझे एक एक्ट्रेस के साथ जिंदगी के सबसे बड़े स्कैंडल का भी सामना करना पड़ा था। मैं इस सिचुएशन से अकेले नहीं निकल सकता था। तब भाई ने कुछ समय के लिए मुझे अपने पास अमेरिका बुला लिया। फिर मैंने अमेरिका में 6 महीने रहकर एक्टिंग कोर्स किया। उस वक्त मेरा सारा खर्चा भाई ने उठाया था। वहां से लौटने के बाद मैंने 2005 में द ग्रेट इंडियन कॉमेडी शो की शूटिंग की। रणवीर ने आगे कहा- उस समय मेरी लंबे समय से रुकी हुईं दो फिल्मों को रिलीज होने के लिए हरी झंडी मिल गई थी। एक हफ्ते के अंदर दोनों फिल्में रिलीज हो गईं और दर्शकों को मेरा काम पसंद आया। उन फिल्मों की सफलता के बाद मुझे लगा कि एक एक्टर के तौर पर मैंने खुद को स्थापित कर लिया है। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बता दें, रिलेशनशिप में आने से पहले रणवीर और पूजा बहुत अच्छे दोस्त थे। रिलेशनशिप में आने के बाद वो एक ही अपार्टमेंट में साथ रहने लगे थे। हालांकि कुछ वजहों से दोनों के रिश्ते में कड़वाहट आ गई थी। पूजा से अलग होने के बाद रणवीर ने एक्ट्रेस कोंकणा सेन शर्मा से शादी कर ली थी। 2011 में दोनों बेटे हारून के पेरेंट्स बने। दोनों का ये खूबसूरत रिश्ता भी लंबा नहीं चल सका और 2015 में वो अलग हो गए।