साल 2015 की फिल्म बाजीराव-मस्तानी जबरदस्त हिट रही थी। फिल्म में रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण लीड रोल में थे, जबकि फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था। संजय लीला भंसाली सेट पर परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं, जो मन मुताबिक शॉट न मिलने पर एक्टर्स को जमकर फटकार लगाते हैं। प्रियंका चोपड़ा को भी फिल्म के सेट पर जमकर डांट पड़ती थी, जिससे वो फिल्म छोड़ना चाहती थीं। फिल्म दिल धड़कने दो के प्रमोशन के दौरान रणवीर सिंह ने अनुपमा चोपड़ा से हुई बातचीत में बताया था कि प्रियंका चोपड़ा को संजय लीला भंसाली के साथ काम करने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में दो-तीन दिन डांट खाने के बाद प्रियंका चोपड़ा बुरी तरह टूट गई थीं। रणवीर ने कहा था, मिस जो सब कुछ जानती हैं और जो एक्टिंग की कला में माहिर हैं एक फिल्म के सेट पर पहुंची थीं। उस फिल्म का नाम बाजीराव मस्तानी है, जिसके डायरेक्टर संजय लीला भंसाली हैं। मेरे ख्याल से प्रियंका उस समय संजय लीला भंसाली के काम करने के तरीके से वाकिफ नहीं थीं। आगे रणवीर ने बताया था कि प्रियंका चोपड़ा डांट खाने के बाद शूटिंग के तीसरे दिन ही फिल्म छोड़कर जाना चाहती थीं। जाहिर है कि प्रियंका ने डांट खाने के बावजूद फिल्म नहीं छोड़ी और वो संजय लीला भंसाली के साथ तालमेल मिलाने में कामयाब रहीं। बताते चलें कि फिल्म में प्रियंका ने बाजीराव बने रणवीर सिंह की पहली पत्नी काशीबाई का रोल प्ले किया था। फिल्म के लिए प्रियंका को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर और IIFA अवॉर्ड दिया गया था। ये प्रियंका और संजयलीला भंसाली की दूसरी फिल्म थी। सबसे पहले दोनों ने फिल्म गोलियों की रासलीलाःराम-लीला में साथ काम किया था। पहले प्रियंका इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस होने वाली थीं, हालांकि बाद में फिल्म में दीपिका को कास्ट कर लिया गया था। ऐसे में संजय लीला भंसाली ने प्रियंका को फिल्म के टाइटल सॉन्ग में कास्ट किया था। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन में बनी फिल्म मैरी कॉम में भी लीड रोल निभा चुकी हैं।