फ्रांस में मंगलवार (14 मई) को कुछ बंदूकधारी हमलावर पुलिस की वैन पर हमला कर एक खूंखार कैदी को भगा ले गए। हमलावरों ने दो पुलिस वालों की हत्या कर दी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। फ्रांस के प्रधानमंत्री गेब्रियल अटाल ने संसद में जानकारी दी कि ये हमला इनकारविले में भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे हुआ, जब पुलिस कैदी को रूएन कोर्ट से जेल ले जा रही थी। इसी दौरान मोटरवे टोल पर उसके साथियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। अटाल ने कहा कि इन लोगों ने फ्रांस के गणतंत्र और न्याय प्रणाली पर निशाना साधा है। संसद में पुलिसकर्मियों की मौत पर एक मिनट का मौन रखा गया। हमले की तस्वीरें… हमलावर दो गाड़ियों में आए थे
पुलिस का कहना है कि हमलावर दो गाड़ियों में आए थे। उन्होंने पहले पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारी। फिर पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान एक हमलावर घायल हो गया। फ्रांसीसी मीडिया AFP के मुताबिक, हमलावरों ने काले कपड़े पहने हुए हैं और उनके पास भारी हथियार हैं। हमलावर काली कार से आए थे। अब ये नहीं पता चल पाया है कि हमलावर कितने थे। वहां पर मौजूद लोगों का कहना है कि पुलिस और हमलावरों के बीच दो मिनट तक गोलीबारी चलती रही, जिसमें करीब 30 राउंड फायर हुए। फिर एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज ग्रेनेड जैसी थी। इसके बाद दो बार गोलियां चलीं और हमलावर भाग गए। इस हादसे से पूरे फ्रांस में दहशत फैल गई है। पुलिस ने लोगों से हमलावरों की पहचान करने को कहा है। फ्रांस की सरकार भी लगातार इस मामले में नजर बनाए हुए है।