कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा इन दिनों जेल में बंद हैं। उन पर फैन रेणुकास्वामी की हत्या का आरोप है। दर्शन 4 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में हैं। उन्हें बेंगलुरु की परापन्ना अग्रहारा जेल में रखा गया है। इस बीच उनकी मां मीना, भाई दिनकर, पत्नी विजयालक्ष्मी और 15 साल का बेटा विनीश उनसे जेल में मिलने पहुंचे। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जुलाई की सुबह परिवार से मिलने के बाद दर्शन रो पड़े। वहीं, परिवार वाले भी उन्हें देखकर इमोशनल हो गए। खासकर उनकी मां अपने आंसू रोक नहीं पाईं। दर्शन और उनकी मां को भाई ने चुप कराया। पत्नी ने जारी किया था स्टेटमेंट पिछले महीने दर्शन की वाइफ विजयालक्ष्मी ने उनसे जेल में मिलने के बाद एक स्टेटमेंट जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था, ‘आप सबको पता है कि दर्शन आप सबसे कितना प्यार करते हैं। ये दुखद है कि हम आज इस सिचुएशन में हैं उस वजह से हमें उनसे दूर रहना पड़ रहा है। उन्होंने आप सबसे शांत रहने की अपील की है और कहा है कि आप सब अच्छे कामों में अपना ध्यान लगाएं। मैं कहना चाहती हूं कि आप बस उनके लिए दुआ कीजिए।’ विजयालक्ष्मी ने अपने स्टेटमेंट में आगे लिखा था, ‘हमें देश की कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। जो लोग दर्शन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उनका हिसाब भगवान करेगा। इस मुश्किल घड़ी में हम आप सबसे सहयोग की उम्मीद करते हैं। ये वक्त भी बीत जाएगा और जीत सच की होगी।’ 11 जून से जेल में हैं दर्शन दर्शन इन दिनों 33 साल के फैन रेणुकास्वामी के मर्डर के आरोप में जेल में बंद हैं। अब तक पुलिस इन्वेस्टिगेशन में इस मर्डर से जुड़ी यह जानकारी सामने आई है कि 33 साल का मृतक रेणुकास्वामी एक्टर दर्शन का फैन था। जनवरी 2024 में कन्नड़ एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा ने दर्शन के साथ अपनी 10वीं एनिवर्सरी मनाई थी। इससे दोनों की रिलेशनशिप विवादों में आ गई, क्योंकि दर्शन पहले से शादीशुदा हैं। पवित्रा को आपत्तिजनक मैसेज भेजता था रेणुकास्वामी इस खबर से रेणुकास्वामी काफी नाराज था। वह लगातार पवित्रा को मैसेज कर दर्शन से दूर रहने को कह रहा था। शुरुआत में पवित्रा ने उसके मैसेज इग्नोर किए, लेकिन बाद में रेणुकास्वामी आपत्तिजनक मैसेज करके धमकियां देने लगा। इसके बाद पवित्रा ने दर्शन को रेणुकास्वामी की हत्या करने के लिए उकसाया। उसे सजा देने के लिए भी कहा। दर्शन ने अपने साथियों की मदद से रेणुकास्वामी को किडनैप करवाया। सभी उसे एक गोडाउन में लेकर गए। जहां उसका मर्डर करने से पहले उसे टॉर्चर किया गया। पुलिस के मुताबिक, गोडाउन में दर्शन और उनके साथियों ने रेणुकास्वामी को जमकर मारा-पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। मर्डर के बाद दर्शन के जिन साथियों के कपड़े खून से सन गए थे। उन्होंने पास में स्थित रिलायंस स्टोर से जाकर नए कपड़े खरीदे और वहीं बदल लिए। पुलिस को 9 जून को मिली रेणुकास्वामी की लाश 9 जून को बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या इलाके में एक अपार्टमेंट के पास रेणुकास्वामी की लाश मिली थी। जब पुलिस ने क्राइम सीन के आसपास की जांच की तो उन्हें CCTV फुटेज में दर्शन और पवित्रा क्राइम सीन से निकलते दिखे। रात 11 बजे से 3 बजे तक दोनों के मोबाइल नंबर उसी एरिया में एक्टिव थे। इसके बाद 11 जून को दर्शन और पवित्रा की गिरफ्तारी की गई। पुलिस इस मामले में अब तक दर्शन और पवित्रा समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।