स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फिको को बुधवार (15) मई को गोली मारी गई है, जो उनके पेट में लगी। वे गंभीर घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी TASR के मुताबिक, रॉबर्ट फिको हैंडलोवा शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जब वे वहां से बाहर निकले पर तब उन पर हमला हुआ। संसद के उपाध्यक्ष लुबोस ब्लाहा ने घटना की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार गोलियां चलाई गईं थीं। एक गोली पीएम फिको के पेट में लगी है। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने एक आरोपी को पकड़ा है। इलाके को सील किया गया है। आज की अन्य प्रमुख खबरें…
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने झारखंड के मंत्री आलमगीर को गिरफ्तार किया झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को ED ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 6 मई को उनके निजी सचिव संजीव पाल के नौकर के घर पर ED ने छापेमारी की थी। इस दौरान 32 करोड़ रुपए का कैश बरामद हुआ था। ED की ये छापेमारी वीरेंद्र के. राम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। वीरेंद्र राम झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के पूर्व चीफ इंजीनियर हैं। एजेंसी ने उन्हें पिछले साल फरवरी में गिरफ्तार किया था, तब से वे जेल में हैं। मुंबई में कोस्टल रोड और बांद्रा वर्ली सी लिंक को जोड़ने वाला दूसरा गर्डर किया इंस्टॉल मुंबई कोस्टल रोड और बांद्रा-वर्ली सी लिंक को जोड़ने वाले बो आर्क ब्रिज का दूसरा गर्डर आज सुबह इंस्टॉल किया गया। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने सुबह 3 बजे इंस्टॉलेशन का काम शुरू किया जो सुबह 6 बजे तक खत्म कर लिया गया। इस गर्डर को नरीमन पॉइंट और वर्ली के बीच में रखा गया है जिसका वजन 2500 मीट्रिक टन है। सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा में तैनात जवान ने की खुदकुशी, छुट्टी मनाने गया था घर पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा में तैनात CRPF के जवान प्रकाश कापड़े ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वो महाराष्ट्र के जामनेर का रहने वाला था और छुट्टी पर घर आया था। कापड़े ने अपनी सरकारी बंदूक से गले में गोली मारी। आत्महत्या का कारण अभी पता नहीं चल सका है। दिल्ली में दो मंजिला इमारत में आग लगी, मजदूर की मौत दिल्ली के शकरपुर इलाके में दो मंजिला इमारत में आग लगने से मजदूर की झुलस कर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना शकरपुर के एस-ब्लॉक में हुई थी। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया था। इसमें 7 घंटे लग गए थे। मृतक की पहचान बिहार के नालंदा के रहने वाले सतेंद्र पासवान के रूप में हुई है।बिल्डिंग के मालिक मुन्ना कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज ली गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार की फातिहा में बेटे अब्बास को शामिल होने की अनुमति दी, 2 दिन परिवार के साथ रहेगा सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास को पिता की फातिहा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। 10 से 12 जून तक अब्बास अंसारी को कासगंज जेल से लाकर गाजीपुर जेल में रखा जाएगा। वहां से उसे तीनों दिन पुलिस हिरासत में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक घर जाने दिया जाएगा। 13 जून को उसे वापस कासगंज जेल लाया जाएगा। SC ने जेल से बाहर रहने के दौरान अब्बास के भाषण देने या मीडिया से बात करने पर रोक लगाई है। पूरी खबर पढ़ें… नवनीत राणा के घर हुई चोरी, मुंबई पुलिस ने घर में काम करने वाली महिला के साथी पर दर्ज किया केस महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय सांसद और भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा के घर चोरी हुई है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि सांसद के खार स्थित आवास से दो लाख रुपए कैश चोरी हुए हैं। इस मामले में नवनीत राणा के पति रवि राणा के नौकर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी नौकर की पहचान अर्जुन मुखिया के रूप में हुई है। वह बिहार का रहने वाला है। घटना के बाद से वह फरार है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां का निधन, तीन महीने से दिल्ली AIIMS में इलाज चल रहा था केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का बुधवार सुबह दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक माधवी राजे ने सुबह 9.28 बजे आखिरी सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। पिछले तीन महीने से उनका इलाज चल रहा था। वे निमोनिया के साथ-साथ सेप्सिस से भी जूझ रही थीं। पूरी खबर पढ़ें… फॉरेन फंडिंग केस; न्यूजक्लिक के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ को सुप्रीम कोर्ट ने रिहा किया, गिरफ्तारी-रिमांड को कानूनन गलत बताया फॉरेन फंडिंग केस में न्यूजक्लिक के फाउंडर और एडिटर इन चीफ प्रबीर पुरकायस्थ को सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रिहा कर दिया। जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा की बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा- पुरकायस्थ की गिरफ्तारी और उसके बाद रिमांड आदेश को कानून की नजर में अमान्य घोषित किया जाता है। पढ़ें पूरी खबर… आंध्र प्रदेश में बस और ट्रक की टक्कर, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत; कई घायल आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले के चिलकलुरिपेट के पास मंगलवार की देर रात एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों गाड़ियां में आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यात्रियों से भरी बस चिन्नागंजम से हैदराबाद जा रही थी। कई लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए गुंटूर ले जाया गया है। रामचरितमानस, पंचतंत्र यूनेस्को की मेमोरी ऑफ वर्ल्ड एशिया पैसिफिक रीजनल रजिस्टर में शामिल रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयलोक-लोकन को यूनेस्को की मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर में शामिल किया गया है। द इंदिरा गांधी नेशनल सेन्टर फॉर द आर्ट्स ने मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड कमेटी फॉर एशिया एंड द पैसिफिक के साथ 10 बैठक करके इन साहित्यों को लिस्ट में शामिल करवाया है। इस लिस्ट में आने के बाद रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयलोक-लोकन को दुनियाभर में ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मुंबई में होर्डिंग के नीचे दो और शव मिले, अब तक 16 की मौत; 13 मई को आंधी के कारण हादसा हुआ था मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग के मलबे के नीचे दो और शव देखे गए हैं। इसी के साथ मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। हालांकि, दोनों शवों को अभी मलबे के नीचे से निकाला नहीं जा सका है। मुंबई में सोमवार (13 मई) को धूल भरी तेज आंधी आई थी। इसके कारण घाटकोपर में 100 फीट ऊंचा और 250 टन वजनी लोहे का होर्डिंग एक पेट्रोल पंप पर जा गिरा। इस दौरान कुछ कार, टू-व्हीलर्स और पैदल यात्री इसकी चपेट में आ गए थे। हादसे में 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। लगातार तीसरे दिन होर्डिंग का मलबा हटाने के काम जारी है। गुजरात के पोइचा में नर्मदा में डूबे 8 लोग, 1 को बचाया; 18 घंटे से 7 की तलाश जारी गुजरात के पोइचा में नर्मदा नदी में मंगलवार को आठ लोग डूब गए। हादसे के समय आस-पास नहा रहे लोगों ने एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया, जबकि बाकी 7 लोगों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। NDRF के जवान बचाव अभियान चला रहे हैं। सूरत के सानिया हामेद गांव में कृष्णा पार्क सोसायटी में कुछ दिन पहले भागवत सप्ताह का आयोजन किया गया था। बल्दानिया और हादिया परिवार इसके बाद ही नर्मदा नहाने गए थे। जहां उनके साथ ये हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में फॉरेस्ट रेंज में आग लगी, बुझाने की कोशिशें जारी जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर फॉरेस्ट रेंज के बाली-तिरशी ब्लॉक में बुधवार अलसुबह आग लग गई। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट आग लगने के कारण का पता लगा रहा है। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट और जम्मू-कश्मीर पुलिस मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिशें कर रहे हैं। अमेरिका के फ्लोरिडा में सड़क हादसे में 8 की मौत, 40 घायल अमेरिका के फ्लोरिडा के सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। 40 घायल हो गए हैं। बस में 53 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में प्रवासी मजदूर सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, मजदूर एक निजी कंपनी के लिए काम करते थे और उन्हें तरबूज के खेत में ले जाया जा रहा था। तभी बस पलट गई।